लाहौर | पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। विवाद तब शुरू हुआ जब मुजारबानी ने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में इस्लामाबाद यूनाइटेड के साथ अपना करार बीच में ही तोड़ दिया और आईपीएल टीम कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) के साथ अनुबंध कर लिया। पीसीबी के सूत्रों के अनुसार, कानूनी विभाग को इस मामले में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। मुजारबानी को केकेआर ने मुस्तफिजुर रहमान के विकल्प के तौर पर अपनी टीम में शामिल किया है, जिसके बाद पीसीबी ने इसे पेशेवर मर्यादा का उल्लंघन माना है।
पीसीबी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आईपीएल और पीएसएल के आयोजन का समय आपस में टकराने के कारण खिलाड़ियों द्वारा ऐसे फैसले लिए जा रहे हैं। बोर्ड अब दुनिया भर के क्रिकेटरों को यह साफ संदेश देना चाहता है कि पीएसएल के लिए हामी भरने के बाद किसी अन्य लीग के लिए अनुबंध तोड़ना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गौरतलब है कि इस्लामाबाद यूनाइटेड ने वेस्टइंडीज के शमार जोसफ की जगह मुजारबानी को टीम में जगह दी थी। बोर्ड का मानना है कि इस तरह के व्यवहार से लीग की छवि और फ्रेंचाइजी के हितों को नुकसान पहुँचता है।
यह पहली बार नहीं है जब किसी खिलाड़ी ने पीएसएल छोड़ आईपीएल का रुख किया हो। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के कॉर्बिन बॉश पर भी पेशावर जाल्मी के साथ अनुबंध तोड़ने के कारण एक सत्र का प्रतिबंध लगाया गया था, जिसके बाद उन्होंने लिखित माफी मांगी थी। इसके अलावा श्रीलंका के कुसल मेंडिस और ऑस्ट्रेलिया के मिचेल ओवेन के मामलों में भी बोर्ड ने नाराजगी जताई थी। पीसीबी अब मुजारबानी पर भारी हर्जाना ठोकने की तैयारी में है ताकि भविष्य में कोई अन्य खिलाड़ी इस तरह का कदम उठाने से पहले सोचे।

