ग्वालियर: एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी और बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डबरा शहर में रैली निकालकर गैस आपूर्ति और कीमतों के मुद्दे पर सरकार को घेरा और ज्ञापन सौंपा।कांग्रेस की रैली अंबेडकर चौराहे से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई एसडीएम कार्यालय पहुंची। यहां कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए गैस सिलेंडर की उपलब्धता और कीमतों को लेकर समाधान की मांग की।
प्रदर्शन में कांग्रेस विधायक सुरेश राजे, नगर कांग्रेस अध्यक्ष जीतू राजौरिया समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर नाराजगी जताई।कांग्रेस नेताओं का कहना है कि हाल के समय में इजरायल और ईरान के बीच बढ़े तनाव के बाद गैस आपूर्ति और कीमतों को लेकर देशभर में चिंता बढ़ी है।प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शहर के कई इलाकों में एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो रहे और बुकिंग में भी दिक्कतें आ रही हैं।
आंदोलन की दी चेतावनी
कांग्रेस की रैली डबरा शहर के कई मार्गों से गुजरते हुए अग्रसेन चौराहे पर सभा में तब्दील हुई, जहां कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि गैस सिलेंडर की उपलब्धता और कीमतों को लेकर जल्द समाधान नहीं किया गया तो पार्टी आगे भी आंदोलन जारी रखेगी। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष कार्यकर्ता शामिल हुए।
