जबलपुर: रेत के अवैध उत्खनन पर सख्ती से रोक लगाने के कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देशानुसार पाटन और सिहोरा तहसील में रविवार को राजस्व एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम द्वारा कई स्थानों का आकस्मिक निरीक्षण कर कार्यवाही की गई। जहां टीम को देखकर हिरन नदी से रेत निकालने वाले तैराक नाव को डुबोकर भाग निकले।तहसीलदार जय सिंह धुर्वे ने बताया कि पाटन तहसील के अंतर्गत कटंगी में ग्राम पौड़ीकला में हिरन नदी घाट में राजस्व और खनिज विभाग का अमला पहुंचा।
जहां पुल के नीचे नदी की गहराई से रेत खनन करते तैराक पाए गए। कार्यवाही के लिए जैसे ही टीम पुल के नीचे पहुंची, तो टीम को देखकर रेत निकलने वाले तैराक नाव को बीच जलधारा में आंशिक रूप से डूबाकर तट के दूसरी ओर भाग गए। जिसके बाद टीम ने जाने पर डोंगी में भरी करीब एक ट्राली रेत को नदी में डूबोने की कार्यवाही की।
अन्य रेत घाटों पर भी किया निरीक्षण
सिहोरा तहसील में खिरहनी कला, देवरी कन्हाई और मढ़ा परसवाड़ा के रेत घाटों का राजस्व और खनिज विभाग के अमले ने आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान इन स्थानों पर रेत का उत्खनन नहीं पाया गया।
