नयी दिल्ली, 14 मार्च (वार्ता) सलामी बल्लेबाज रिषभ सिंह (नाबाद 102) के तूफानी शतक की बदौलत उत्तर क्षेत्र ने पश्चिम क्षेत्र को जेके बोस क्रिकेट टूर्नामेंट के मुकाबले में शनिवार को रोशनारा क्लब मैदान में एकतरफा अंदाज में नौ विकेट से रौंद दिया। पश्चिम क्षेत्र की टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.2 ओवरों में 133 रन पर सिमट गई। कप्तान संजू साम्याल ने सर्वाधिक 30 रन और तौस रिजवी ने 24 रन बनाये। उत्तर क्षेत्र की तरफ से विनय ने 20 रन देकर तीन विकेट लिये, जबकि शिवम दुबे और ललित कालीदास को दो-दो विकेट मिले।
आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए उत्तर क्षेत्र ने 11.1 ओवर में एक विकेट पर 137 रन बनाकर नौ विकेट से जीत हासिल की। उत्तर क्षेत्र ने तूफानी शुरुआत करते हुए चार ओवर में ही 50 रन ठोक डाले। उत्तर क्षेत्र के 100 रन 7.4 ओवरों में पूरे हुए। रिषभ ने मात्र 43 गेंदों पर 18 चौके और दो छक्के उड़ाते हुए नाबाद 102 रन बनाये, जिसके लिये उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला। आकाश रावल ने 25 गेंदों पर 29 रन बनाये। दिन के एक अन्य मैच में दक्षिण क्षेत्र ने पूर्व क्षेत्र को आठ विकेट से हरा दिया। पूर्व क्षेत्र की टीम 12.1 ओवर में मात्र 49 रन पर लुढक गई, जबकि दक्षिण क्षेत्र ने 4.4 ओवरों में दो विकेट पर 50 रन बनाकर आसान जीत हासिल की।

