पानीपत/चंडीगढ़ | मशहूर रैपर बादशाह की मुश्किलें ‘टटीरी’ गाने को लेकर चल रहे विवाद में और बढ़ गई हैं। शुक्रवार को हरियाणा राज्य महिला आयोग के सामने पेश न होने के बाद आयोग ने उनके खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। आयोग की चेयरपर्सन रेणू भाटिया ने हरियाणा पुलिस को निर्देश दिया है कि सिंगर को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। बादशाह को दोपहर 3 बजे तक व्यक्तिगत रूप से पेश होने का समन दिया गया था, लेकिन उनकी अनुपस्थिति को आयोग ने गंभीरता से लिया है। अब पानीपत और पंचकूला पुलिस को पूरे राज्य में नोटिस जारी कर सिंगर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया है।
आयोग ने केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि बादशाह के खिलाफ कई कड़े प्रतिबंध भी लगाए हैं। पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि यदि आवश्यक हो तो बादशाह का पासपोर्ट तुरंत जब्त किया जाए ताकि वे जांच से बचने के लिए विदेश न भाग सकें। इसके साथ ही, जब तक रैपर आयोग के सामने व्यक्तिगत रूप से पेश नहीं होते, हरियाणा में उनके किसी भी लाइव शो या कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जाएगी। चेयरपर्सन ने बादशाह के वकील से मिलने से भी इनकार कर दिया और स्पष्ट किया कि कलाकार को खुद आकर अपनी सफाई पेश करनी होगी।
बादशाह के वकील ने मीडिया से बातचीत में कहा कि रैपर ने पहले ही सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर माफी मांग ली है और उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुँचाना नहीं था। वकील के अनुसार, बादशाह एक कलाकार हैं जिन्होंने हरियाणा का नाम रोशन किया है। दूसरी ओर, शिकायतकर्ता सविता आर्य ने कहा कि आयोग ने पेशी का पर्याप्त समय दिया था, जिसे नजरअंदाज किया गया। फिलहाल, बादशाह के माफीनामे को आयोग ने पर्याप्त नहीं माना है और अब इस मामले ने एक बड़े कानूनी विवाद का रूप ले लिया है।

