सिंगरौली: जिले में बढ़ती गर्मी को देखते हुए विद्यालय परिसरों में विद्यार्थियों, अभिभावकों और आमजन को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए विशेष व्यवस्था करने के निर्देश जारी किए गए हैं। कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी सूर्यभान सिंह ने जिले के सभी संस्था प्रमुखों को “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत विद्यालयों में प्याऊ संचालित करने के आदेश दिए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी सूर्यभान सिंह ने जारी निर्देश में कहा है कि गर्मी के मौसम में विद्यालय आने वाले विद्यार्थियों और अभिभावकों को पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराना आवश्यक है। इसके लिए प्रत्येक विद्यालय परिसर में उपयुक्त स्थान पर मिट्टी का घड़ा रखकर प्याऊ संचालित किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि प्रतिदिन घड़े में स्वच्छ और ठंडा पेयजल भरा रहे, ताकि किसी को पानी के लिए परेशानी न हो।
निर्देश में यह भी कहा गया है कि प्याऊ के पास स्वच्छ गिलास या लोटे की व्यवस्था की जाए तथा उसकी नियमित साफ-सफाई बनाए रखी जाए। विद्यालय प्रबंधन को यह भी जिम्मेदारी दी गई है कि विद्यार्थियों को जल संरक्षण और पानी के महत्व के बारे में जागरूक किया जाए।डीईओ सूर्यभान सिंह ने सभी संस्था प्रमुखों से अपील की है कि इस व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से शुरू कर नियमित रूप से संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह पहल जनहित और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़ी है, इसलिए सभी विद्यालय इसे गंभीरता से लागू करें, ताकि भीषण गर्मी में विद्यार्थियों और आमजन को राहत मिल सके।
