
पांढुरना। मध्यप्रदेश शासन के शालेय शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय मींस-कम-मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMS) 2026 में पांढुर्णा जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इस परीक्षा में जिले के कुल 30 विद्यार्थियों का चयन हुआ है, जो जिले के लिए गर्व और गौरव का विषय है।
विद्यार्थियों की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर पांढुर्णा कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने चयनित विद्यार्थियों का अभिवादन करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर परिश्रम करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा अपने जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने भी चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। विद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी विद्यार्थी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन करेंगे।
वहीं विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा भी विकासखंड से चयनित सभी विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की गईं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मींस-कम-मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती है और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करती है।
