राष्ट्रीय राजधानी में एलपीजी गैस की अनुपलब्धता का असर रेस्टोरेंट एवं ढाबों पर भी

नयी दिल्ली, 12 मार्च (वार्ता) राष्ट्रीय राजधानी में एलपीजी गैस की अनुपलब्धता का असर खाद्य पदार्थो की आपूर्ति करने वाले रेस्टोरेंट एवं ढाबों पर भी पड़ने लगा है। नयी दिल्ली के कनॉट प्लेस में एक प्रसिद्व रेस्टोरेंट ने एक नोटिस लगाकर ग्राहकों को बताया है कि गैस सिलेंडर उपलब्ध न होने की वजह से मेन्यू में विकल्प सीमित हैं। कनॉट प्लेस की एक जानी-मानी खाद्य सामग्री की दुकान ढाबों और काउंटर पर लगे एक पोस्टर पर लिखा है कि “सिर्फ राजमा चावल और कढ़ी चावल ही परोसे जाएंगे क्योंकि अभी गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हैं”। दुकान के संचालक सौरभ मेहता ने कहा कि आउटलेट के पास कुकिंग गैस का सीमित स्टॉक बचा है, जो दो से चार दिन तक चल सकता है। मेहता ने कहा, “हमारे पास बहुत कम स्टॉक बचा है। अगर हम और गैस सिलेंडर की व्यवस्था कर पाते हैं, तो दुकान चलती रहेगी। नहीं तो, हमें अस्थाई तौर पर बंद करना पड़ सकता है।” दुकान पर लगे नोटिस ने इस व्यस्त वाणिज्यिक इलाके के नियमित ग्राहकों और ऑफिस जाने वालों का ध्यान खींचा है, जहाँ कई लोग रोज़ाना के खाने के लिए छोटी खाने की दुकानों पर निर्भर हैं। जब पूछा गया कि क्या इस स्थिति से खाने की चीज़ों की कीमतें बढ़ सकती हैं, तो मेहता ने कहा कि वह कीमत नहीं बढ़ाना चाहेंगे। उन्होंने कहा, “हम कीमतें नहीं बढ़ाना चाहते क्योंकि इसका सीधा असर आम आदमी पर पड़ता है। बहुत से लोग यहाँ रोज़ाना खाना खाने आते हैं, और हम आस-पास के ऑफिसों को भी खाना आपूर्ति करते हैं।” उन्होंने आगे कहा कि अगर स्थिति और खराब होती है, तो गैस सिलेंडर सिर्फ़ ब्लैक मार्केट में ही मिल सकते हैं, जिससे छोटे बिज़नेस के लिए और मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं।

उन्होंने अधिकारियों से अपील करते हुए सरकार से वाणिज्य गैस उपभोक्ताओं को नज़रअंदाज़ न करने की अपील की। उन्होंने कहा, “घरेलू सप्लाई ज़रूरी है, लेकिन कमर्शियल गैस सिलेंडर पर भी ध्यान देना चाहिए क्योंकि कई लोगों की रोज़ी-रोटी और स्थानीय अर्थव्यवस्था का एक हिस्सा इस पर निर्भर करता है।”
इस बीच, दिल्ली सरकार ने कहा है कि राजधानी में ईधन आपूर्ति की कुल स्थिति सामान्य बनी हुई है। दिल्ली सरकार ने बुधवार को साफ़ किया कि देश की राजधानी में एलपीजी , पेट्रोल, डीज़ल और पीएनजी की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और किसी भी ईधन की कोई कमी नहीं है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे गैस सप्लाई को लेकर फैल रही अफ़वाहों पर ध्यान न दें और बेवजह घबराएं या जमाखोरी न करें।दिल्ली के मुख्य सचिव ने खाद्य आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग , दिल्ली पुलिस, राजस्व विभाग , इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड और अलग-अलग तेल मार्केटिंग कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक ज़रूरी समीक्षा बैठक की। इस बैठक में उन अफ़वाहों पर बात हुई जिनसे पता चलता है कि पश्चिम एशिया में युद्ध जैसे हालात की वजह से एलपीजी आपूर्ति में रुकावट आ सकती है और इसे देखते हुए हालात की विस़्तृत समीक्षा की गयी। सरकार ने अधिकारियों को गैस चोरी या कालाबाजारी के किसी भी मामले में सख़्त कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया है।दिल्ली पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को इस बारे में खास तौर पर सतर्क रहने के निर्देश दिये गये हैं।

Next Post

स्थानीय शेयर बाजारों में गिरावट जारी, प्रमुख शेयर सूचकांक और एक प्रतिशत तक नीचे आए

Thu Mar 12 , 2026
मुंबई , 12 मार्च (वार्ता) पश्चिम एशिया में युद्ध की विभीषिका गहराने और फारस की खाड़ी में तेल टैंकरों पर हमले की बढ़ती घटनाओं से ईंधन बाजार पर दूरगामी असर की आशंकाओं के बीच स्थानीय शेयर बाजारों में जारी गिरावट का सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहा और प्रमुख शेयर […]

You May Like