माता-पिता के साये से महरूम मानसिक विक्षिप्त युवक ने कुएं में कूदकर दी जान

बैतूल। जिले के पाढर पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम घाना में एक युवक ने खेत के कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम घाना निवासी सुरेश पिता दिनेश कुमरे (21) गुरुवार सुबह करीब नौ बजे अपने खेत की ओर गया था। इसी दौरान उसने खेत में बने कुएं में छलांग लगा दी। उस समय उसका चचेरा भाई अनिल पास ही खेत में काम कर रहा था।

कुएं से आवाज सुनकर अनिल मौके पर पहुंचा तो देखा कि सुरेश कुएं में गिर चुका है। उसे बचाने के लिए अनिल ने अपनी कमर में रस्सी बांधी और कुएं में उतर गया, लेकिन दोनों भाइयों को तैरना नहीं आता था। काफी प्रयास के बाद अनिल किसी तरह कुएं से बाहर निकल आया और उसने परिजनों को सूचना दी।

सूचना मिलने पर डायल-112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से सुरेश को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक पानी में डूबने से उसकी मौत हो चुकी थी।

परिजनों के अनुसार सुरेश बचपन से ही मानसिक रूप से कमजोर था। उसकी मां का बचपन में ही निधन हो गया था, जबकि लगभग दस वर्ष पहले उसके पिता घर छोड़कर चले गए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Next Post

महिला सुरक्षा शाखा द्वारा सम्मान समारोह आयोजित

Thu Mar 12 , 2026
दमोह। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में पुलिस मुख्यालय (महिला सुरक्षा शाखा)भोपाल व पुलिस अधीक्षक दमोह श्रुतकीर्ति सोमवंशी के निर्देशन में 12 मार्च 2026 को महिला सुरक्षा शाखा दमोह द्वारा पुलिस सभागार दमोह में एक दिवसीय विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में […]

You May Like