नयी दिल्ली, 11 मार्च (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने रसोई गैस के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए उन पर अंतरराष्ट्रीय मसलों पर ओछी तथा राष्ट्र विरोधी बयानबाजी करने का आरोप लगाया है। श्री सचदेवा ने बुधवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि देश में रसोई गैस संकट के मुद्दे पर श्री केजरीवाल के आज के संवाददाता सम्मेलन की वह निंदा करते हैं। उन्होंने श्री केजरीवाल एक अपरिपक्व और मौकापरस्त नेता करार देते हुए कहा कि वह केवल मीडिया में सरकार विरूद्ध बयानबाजी करते हैं, जो दुखद है। उन्होंने कहा कि सारा देश जानता है कि भारत ही नहीं दुनिया के आधे से अधिक देश रसोई गैस की संकट से गुजर रहे हैं जिसका कारण है ईरान और अमरीका के बीच चल रहा युद्ध। इस युद्ध के चलते सारे विश्व में खाड़ी देशों से गैस तथा पैट्रोल आदि की आपूर्ति रूक गई है और इस युद्ध में ना भारत की कोई भूमिका है ना किसी अन्य भुगत रहे देशों की।
श्री सचदेवा ने कहा कि केन्द्र सरकार देश में उत्पन्न गैस संकट को सुलझाने में लगी है और सारी दुनिया की तरह भारत में भी उपयोग वरीयता तय की जा रही है ताकि आवश्यक सेवाओं के लिए कुकिंग गैस की कमी ना हो, पर खेद की बात है कि भारत में अरविंद केजरीवाल जैसे गैर जिम्मेदार नेता इस संकट में भी राजनीतिक मौकापरस्ती कर रहे हैं। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भारत की जनता को याद है कि किस तरह अंतरराष्ट्रीय मंचों पर श्री गांधी और श्री केजरीवाल भारत की छवि धूमिल करने की कोशिश करते रहे हैं और यह देश कोविड़ काल में सिंगापुर से भारत के ताल्लुक खराब करने से लेकर सर्जिकल स्ट्राइक एवं पुलवामा के समय सेना के शौर्य पर प्रश्न खड़े करने के लिए अरविंद केजरीवाल को कभी माफ नही करेगा।

