बेगमगंज:बेगमगंज-बेरखेड़ी-हैदरगढ़-विदिशा मार्ग पर प्रतिदिन एक दर्जन से अधिक यात्री वाहन एवं 100 के करीब अन्य वाहनों का आवागमन होता था लेकिन बेगमगंज बेरखेड़ी बीना नदी के ऊपर बने पुल पर पानी बढ़ने से कल जलमग्न हो गया और यहां से पूरी तरह से आवागमन बंद हो गया है। जिसके कारण इस मार्ग से प्रतिदिन यात्रा करने वाले सैकड़ो लोग परेशान हो रहे हैं। छोटे पुल पर पानी आ जाने के बाद मार्ग बंद होने से यहां पर बड़े पुल का निर्माण का टेंडर जारी किया गया जिसका ठेका हो गया है.
लेकिन संबंधित ठेकेदार द्वारा कछुआ चाल से कराए जा रहे निर्माण कार्य के चलते डेढ़ वर्ष होने के बावजूद भी उसका कार्य आज भी अधूरा पड़ा हुआ है। जिसके कारण उक्त मार्ग आज भी पूरी तरह से बंद है। वैकल्पिक तौर पर बेगमगंज माला फाटक से होकर आवागमन शुरू कराया गया था लेकिन मार्ग सकरा होने के कारण क्रॉसिंग में वाहन फंस जाते हैं और लोगों को घंटों परेशान होना पड़ता है। ठीक माला फाटक के पास वाले मार्ग पर इतनी कम जगह है कि यदि कोई वहां आमने-सामने आ जाते हैं तो किसी एक वाहन को पीछे हटाना पड़ता है क्योंकि क्रॉसिंग बहुत मुश्किल है ।
किसान – नागरिक परेशान :-
पिछले 2 साल से आसपास के दो दर्जन से अधिक गांव के सैकड़ो किसान एवं नागरिक परेशान हो रहे हैं क्योंकि बेगमगंज कृषि उपज मंडी समिति में अपना अनाज लेकर बेचने आने वाले किसानों को लंबा चक्कर लगाकर कृषि मंडी आना पड़ रहा है , जिसके कारण उन्हें समय की बर्बादी के साथ आर्थिक परेशानी भी उठाना पड़ रही है। क्योंकि अपने गांव से बेगमगंज आते-आते उन्हें शाम भी हो जाती है जिसके कारण कृषि उपज मंडी प्रांगण में रात रुकने के बाद दूसरे दिन नीलामी में भाग लेना पड़ता है।
इसके अतिरिक्त बेगमगंज से हैदरगढ़ ,धामनोद ,दासीपुर , ग्यारसपुर , मनोरा एवं विदिशा आने-जाने वाले लोगों को भी बहुत ज्यादा परेशानी हो रही है , क्योंकि इस मार्ग पर चलने वाली यात्री बसों का संचालन बंद हो गया है । अब दूसरे मार्ग से संचालित होने से वाहनों का 2 घंटे का सफर 5 घंटे में पूरा हो रहा है। रायसेन जिले की सीमा से लगे विदिशा जिले क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक गांव का व्यापारिक संपर्क बेगमगंज से है जिसके कारण व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। क्षेत्र के किसानों एवं नागरिकों ने कलेक्टर सहित मुख्यमंत्री से मांग की है , तत्काल बेगमगंज बेरखेड़ी घाट पर बनने वाले निर्माणधीन पुल का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कराया जाए ताकि वर्षाकाल से पूर्व आवागमन चालू होने से किसानों एवं नागरिकों को राहत मिल सके।पीडब्ल्यूडी एसडीओ राजाराम का कहना है , एमपीआरडीसी द्वारा कार्य कराया जा रहा है , जिस एजेंसी द्वारा सड़क निर्माण का ठेका लिया गया है , उसकी ही जिम्मेदारी है।
