अबू धाबी | ईरान और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के बीच जारी भीषण संघर्ष में यूएई के एयर डिफेंस सिस्टम ने बड़ी सफलता हासिल की है। रविवार को यूएई ने कार्रवाई करते हुए 16 बैलिस्टिक मिसाइलों और 113 ईरानी ड्रोन (UAV) को हवा में ही इंटरसेप्ट कर मार गिराया। रक्षा मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, रडार पर कुल 117 ड्रोन और 17 मिसाइलें देखी गई थीं, जिनमें से अधिकांश को सुरक्षा घेरे ने शहर में प्रवेश करने से पहले ही नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई दर्शाती है कि यूएई का डिफेंस मैकेनिज्म लगातार हो रहे हमलों के खिलाफ पूरी तरह मुस्तैद है।
यूएई के रक्षा मंत्रालय ने इस कार्रवाई का एक 40 सेकंड का ब्लैक-एंड-व्हाइट वीडियो जारी किया है, जिसमें ईरानी ड्रोन के परखच्चे उड़ते हुए साफ देखे जा सकते हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, अब तक ईरान की ओर से दागी गई 238 मिसाइलों में से 221 को सुरक्षित रूप से नष्ट किया जा चुका है। वहीं, 1,422 ड्रोन में से 1,342 को इंटरसेप्ट किया गया है। अधिकारियों ने सुरक्षा चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रतिबंधित क्षेत्रों या घटनास्थलों की तस्वीरें लेने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, क्योंकि इससे सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन होता है।
क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने यूएई में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एक जरूरी एडवायजरी जारी की है। दूतावास ने अपील की है कि किसी भी अलर्ट या सायरन के दौरान नागरिक तुरंत सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं और बाहर निकलकर फोटो या वीडियो बनाने की कोशिश न करें। साथ ही, यदि आसपास किसी मिसाइल या ड्रोन का मलबा दिखाई दे, तो उसे छूने के बजाय तुरंत स्थानीय अधिकारियों को सूचित करें। युद्ध की इस गंभीर स्थिति में भारतीयों को स्थानीय नियमों का पालन करने और आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की सलाह दी गई है।

