रियाद, 07 मार्च (वार्ता) सऊदी अरब के रक्षा मंत्री प्रिंस खालिद बिन सलमान ने देश के सैन्य ठिकानों और तेल केंद्रों पर हुए सिलसिलेवार मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद ईरान को ‘गलतफहमी और गलत आकलन’ से बचने की कड़ी चेतावनी दी है।
सऊदी रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को बयान जारी कर बताया कि अमेरिकी सैन्य कर्मियों की मौजूदगी वाले एक एयर बेस और एक प्रमुख तेल क्षेत्र को निशाना बनाकर किये गये हमलों को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया गया है।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, राजधानी रियाद के दक्षिण-पूर्व स्थित प्रिंस सुल्तान एयर बेस की ओर दागी गयी एक बैलिस्टिक मिसाइल को बीच में ही रोककर नष्ट कर दिया गया। सऊदी प्रेस एजेंसी ने मंत्रालय के प्रवक्ता के हवाले से पुष्टि की है कि इसी एयर बेस पर एक और मिसाइल हमला हुआ, जिसे भी विफल कर दिया गया। इसके अलावा, संयुक्त अरब अमीरात की सीमा के पास स्थित शयबाह तेल क्षेत्र को निशाना बनाकर किये गये कई ड्रोन हमलों और रियाद के पूर्व में एक अन्य ड्रोन हमले को भी सेना ने नाकाम कर दिया है।
दुनिया के शीर्ष तेल निर्यातक देश सऊदी अरब ने इस सप्ताह की शुरुआत में भी रास तनुरा रिफाइनरी पर कम से कम दो ड्रोन हमलों की सूचना दी थी। प्रिंस खालिद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि इस तरह की कार्रवाइयां क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करती हैं। उन्होंने उम्मीद जतायी कि ईरानी पक्ष बुद्धिमानी से काम लेगा और ऐसी हरकतों से बचेगा, जो क्षेत्र को और अधिक अस्थिरता की ओर धकेल सकती हैं।
