
भोपाल। देहात थाना नजीराबाद क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ी देव में गुरूवार को होली मेला शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुआ. मेले में बड़ी संख्या में पहुंचकर लोगों ने आनंद लिया.
मेले में लगभग 01 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु करीब 130 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का बल तैनात किया गया है, जो मेला स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में सतत निगरानी बनाए हुए है.
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु जिला पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है.पुलिस द्वारा पार्किंग व्यवस्था, मार्ग व्यवस्था, मेला व्यवस्था एवं कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात कर भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू रखा जा रहा है.
पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जा रहा है तथा आमजन से शांति एवं सौहार्द के साथ मेला संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की गई है. जिला पुलिस भोपाल (देहात) द्वारा मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतत निगरानी रखी जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध हो सके.
