अगरबत्ती फैक्ट्री में डकैती, पुणे के पांच बदमाश गिरफ्तार

बड़वानी। मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा ग्रामीण थाना क्षेत्र स्थित सेमलिया औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक अगरबत्ती फैक्ट्री में हुई डकैती के मामले में महाराष्ट्र के पुणे क्षेत्र के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

बड़वानी के पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ला ने आज दोपहर पत्रकारों को बताया कि महाराष्ट्र के दो थाना क्षेत्रों की पुलिस के सहयोग और त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपियों को पकड़ लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 19 लाख रुपये का माल और दो कारें जब्त की हैं।

पुलिस के अनुसार सुबह करीब चार बजे महाराष्ट्र निवासी पांच बदमाश सेमलिया की फ्लोरल इंडस्ट्रीज अगरबत्ती फैक्ट्री में घुसे। उन्होंने फैक्ट्री मालिक केरल निवासी अमीर अब बकर हमजा और चौकीदार अजय के साथ मारपीट की तथा मुनीम को बंधक बनाकर नकदी व कीमती सामान लूट लिया। बदमाश मालिक की कार, दो क्विंटल चंदन जैसी लकड़ी, तीन मोबाइल फोन, करीब 30 हजार रुपये नकद, 41 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल, तीन लाख 70 हजार रुपये का करीब 35 किलोग्राम सुगंधित तेल व अन्य सामान कार में भरकर फरार हो गए।

घटना की सूचना सुबह छह बजकर तीस मिनट पर पुलिस को मिली। थाना प्रभारी ओपी सिंह चौंगड़े के नेतृत्व में टीम गठित कर नाकाबंदी की गई और महाराष्ट्र पुलिस को भी सतर्क किया गया। संयुक्त कार्रवाई के दौरान संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी वाहन छोड़कर भाग निकले। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने पीछा कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में फिरोज पिता कचरू सैयद निवासी कसुंदी जिला पुणे, विशाल पिता अनिल दामोदर निवासी वरवंड जिला पुणे, रमेश पिता बापू करडे निवासी केलगांव जिला पुणे, संतोष पिता अण्णा शिवणकर निवासी दौंड जिला पुणे तथा श्याम पिता तानाजी सालुंखे निवासी हडपसर जिला पुणे शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी रमेश चंदन की चोरी के कई मामलों में लिप्त पाया गया है और उसे चंदन से जुड़े उत्पाद बनाने वाली फैक्ट्रियों की जानकारी थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से 30 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल, सुगंधित तेल के ड्रम, चंदन लकड़ी और दो कारें जब्त की हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उन्हें फैक्ट्री की गतिविधियों की पहले से जानकारी थी और वे पूर्व में भी क्षेत्र में आ चुके थे। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और संभावित सरगना की तलाश में जुटी है। घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Next Post

पाथाखेड़ा में ठेका मजदूरों का फूटा गुस्सा, वेतन में देरी और अवैध वसूली को लेकर फूंके पुतले

Wed Mar 4 , 2026
बैतूल। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के पाथाखेड़ा क्षेत्र में कार्यरत ठेका मजदूरों ने वेतन भुगतान में कथित देरी और अवैध वसूली के आरोपों को लेकर प्रदर्शन किया तथा कुछ ठेकेदारों के पुतले जलाए। अधिकारियों ने बताया कि मामले में ठेकेदारों को पहले ही लिखित निर्देश जारी किए जा चुके हैं। जानकारी […]

You May Like