
भोपाल। राजधानी के पटेल नगर स्थित हॉस्पिटल में एक मरीज की मौत के बाद हालात अचानक तनावपूर्ण हो गए। मृतक के परिजनों ने इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित परिजन शव को लेकर अस्पताल के बाहर सड़क पर बैठ गए और न्याय की मांग करने लगे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
परिजनों का कहना था कि मरीज की हालत बिगड़ने के बावजूद समय पर उचित उपचार नहीं दिया गया। जब उन्होंने ड्यूटी डॉक्टर से मौत का कारण जानना चाहा तो उन्हें बताया गया कि डॉक्टर अस्पताल में मौजूद नहीं हैं और दो घंटे बाद आएंगे। इस सूचना से परिजनों का गुस्सा और भड़क उठा।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर तीन थानों पिपलानी थाना, गोविंदपुरा थाना और बिलखारिया थाना से भारी पुलिस बल पहुंचा। समझाइश के प्रयासों के दौरान कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया और धक्का-मुक्की की। इस झड़प में कुछ पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण पाया। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
