मुंबई, (वार्ता) दक्षिण भारतीय फिल्म अभिनेत्री संयुक्ता फिल्मकार पुरी जगन्नाथ की अगली फिल्म में तब्बू के साथ काम करती नजर आयेंगी।
संयुक्ता ने हाल ही में तब्बू के साथ काम करने का अनुभव साझा किया और ऑन स्क्रीन केमिस्ट्री की एक झलक भी दी। बड़े पैमाने पर बनी इस फिल्म में विजय सेतुपति लीड रोल में हैं, संयुक्ता फीमेल लीड के रूप में दिखेंगी और तब्बू एक बेहद अहम और इंटेंस किरदार में नज़र आएंगी, जिसकी इंडस्ट्री में खूब चर्चा है।
इस फिल्म का निर्माण चार्ममे कौर और पुरी जगन्नाध ने अपने बैनर पुरी कनेक्ट्स के तहत किया है। शूटिंग पूरी हो चुकी है और फिल्म तेलुगु, तमिल, हिंदी, कन्नड़ और मलयालम में रिलीज़ की तैयारी में है। हाल ही की बातचीत में संयुक्ता ने तब्बू की तारीफ की है। उन्होंने कहा, वह कुछ अलग ही हैं। जिस अंदाज़ और एनर्जी के साथ वह सेट पर आती हैं, वह बेहद खूबसूरत है। उन्होंने कंदुकोंडेन कंदुकोंडेन जैसी शानदार फिल्म की है, जो मेरी पसंदीदा फिल्मों में से एक है। उसमें वह कमाल लगी थीं और आज भी उतनी ही ग्रेसफुल हैं। जब मैंने उन्हें सेट पर आते देखा तो मैं बस उन्हें देखती रह गई। मुझे पता ही नहीं था कि वह हैदराबाद से हैं। जब उन्होंने शहर के लोगों से बात की तो उनकी हैदराबादी हिंदी सुनकर मुझे बड़ी प्यारी लगी। हमारे बहुत ज्यादा सीन साथ में नहीं थे, लेकिन उनके साथ काम करना एक यादगार अनुभव रहा।
