
छतरपुर। जिले के घुवारा क्षेत्र से एक खतरनाक बाइक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक ट्रैफिक नियमों की खुलेआम अनदेखी करते हुए अपनी बाइक की टंकी पर एक महिला को आगे की ओर मुंह करके बैठाकर तेज रफ्तार में वाहन चलाता दिखाई दे रहा है। यह घटना मुख्य मार्ग की बताई जा रही है और दिनदहाड़े हुई, जिससे सड़क पर मौजूद लोग हैरान रह गए।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक बिना किसी सुरक्षा के लापरवाहीपूर्वक बाइक चला रहा है, जिससे न केवल उसकी और महिला की जान जोखिम में है, बल्कि अन्य राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक काफी देर तक इसी तरह सड़क पर बाइक दौड़ाता रहा। स्थानीय लोगों ने इस तरह के स्टंट को गंभीर लापरवाही बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है। हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। नागरिकों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।
