इंदौर: आगामी होली और रंगपंचमी के अवसर पर निकलने वाली ऐतिहासिक एवं पारंपरिक गैर के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर पुलिस कमिश्नर ने पुलिस कार्यालय सभागार में गैर के आयोजकों के साथ बैठक की. इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, पार्किंग, परमिशन के साथ ही हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्ती बरतने के दिशा निर्देश दिए.बैठक में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (कानून व्यवस्था) अमित सिंह सहित सभी पुलिस उपायुक्त, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त और शहर के प्रमुख गैर के आयोजक उपस्थित रहे.
इस दौरान गैर के क्रम, संभावित भीड़, वाहनों की संख्या, पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों पर चर्चा की गई. पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने निर्देश दिए कि सभी आयोजन विधिवत अनुमति लेकर ही आयोजित किए जाएं और शर्तों का पालन सुनिश्चित किया जाए. आयोजक अपने पदाधिकारियों व वालंटियर की सूची पुलिस को उपलब्ध कराएं तथा पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती करें. गैर में शामिल वाहनों की यांत्रिक जांच कराना अनिवार्य रहेगा और चालक प्रशिक्षित हों.
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी तथा ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जाएगी. इसके अलावा गैर के दौरान अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार किट और स्ट्रेचर की व्यवस्था रखने, ध्वनि विस्तारक यंत्र के साथ माइक की सुविधा रखने तथा खतरनाक रसायनों और रंगों के उपयोग से परहेज करने के निर्देश दिए, फूहड़ता और हुड़दंग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. वहीं, आयोजकों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव रखे, जिन पर पुलिस प्रशासन ने समन्वय बनाकर समाधान का आश्वासन दिया. पुलिस कमिश्नर ने सभी से शहर की परंपरा के अनुरूप सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की.
