
जबलपुर। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने होली के दृष्टिगत शहर के प्रमुख मिठाई, मावा और नमकीन विक्रय प्रतिष्ठानों का बुधवार को निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर ही मावा, घी और पनीर जैसे दुग्ध उत्पादों का प्राथमिक परीक्षण किया, जिसमें यूरिया, डिटर्जेंट, स्टार्च या अनधिकृत शर्करा की उपस्थिति नहीं पाई गई। अधिकारियों ने व्यापारियों को मिठाई और नमकीन बनाने तथा संग्रहित करने की प्रक्रिया में खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के स्वच्छता एवं सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश भी दिए।
इन प्रतिष्ठानों से लिए नमूने
निरीक्षण के दौरान रजवाड़ी स्वीट्स (रांझी) से गुझिया एवं मावा कतली, नर्मदा डेयरी से मावा और पनीर, राजस्थान मिष्ठान्न भण्डार (रामपुर) से नमकीन, बेस्ट बंगाल स्वीट्स से खोवा बर्फी एवं बेसन लड्डू, सत्यनारायण गुजराती नमकीन से नमकीन, ओम बीकानेर मिष्ठान्न भण्डार (कटंगी रोड) से खोवा एवं पतीशा, बालाजी स्वीट्स (सदर बाजार) से खोवा बर्फी एवं कलाकंद, कृष्णा स्वीट्स एण्ड नमकीन (तिलवारा) से मावा बर्फी एवं नारियल बर्फी तथा केक टेडर्स से नमकीन एवं केक के नमूने लिए गए।
