
जबलपुर। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षा में बुधवार को गणित का पेपर था। यह पेपर 3300 विद्यार्थियों ने दिया जबकि 30 अनुपस्थित थे। सहायक संचालक आर के बधान से मिली जानकारी के अनुसार यह परीक्षा जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में मिलाकर 97 केंद्रों में आयोजित की गई। परीक्षा में कुल 3330 विद्यार्थी शामिल होने वाले थे, लेकिन 3300 विद्यार्थी ने ही गणित विषय की परीक्षा दी। जबकि 30 विद्यार्थी अनुपस्थित थे। इस परीक्षा में कोई भी नकल प्रकरण सामने नहीं आया है, सुबह से ही सभी कलेक्टर प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संबंधित थानों से पेपर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाए गए, एवं सील बंद खोले गए।
उड़न दस्ता की टीम ने किया निरीक्षण
बोर्ड परीक्षा में नकल पकड़ने के लिए जिला प्रशासन एवं जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा एक टीम का गठन किया गया था। जो सभी परीक्षा केंद्र में पहुंचकर आकस्मिक रूप से निरीक्षण कर रहे हैं और नियमित तौर से चल रहीं परीक्षाओं पर भी नजर रख रहे हैं। इसके अलावा नकल करने वालों के ऊपर भी इनकी पैनी नजर रहती है। बुधवार को भी गणित के पेपर में उड़न दस्ता की टीम ने विभिन्न केंद्र में जाकर निरीक्षण किया।
