ग्वालियर:राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने डबरा प्रवास के दौरान शासकीय अस्पताल, उप जेल एवं “अपना घर” आश्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि किसी भी संस्था में मानवाधिकारों से जुड़ी लापरवाही न हो। डॉ. सिंह ने शासकीय अस्पताल, उप जेल एवं “अपना घर” आश्रम का दौरा कर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानी। निरीक्षण के दौरान पुलिस उप महानिरीक्षक मुकेश श्रीवास्तव भी मौजूद थे।
मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष ने डबरा में निर्माणाधीन अस्पताल के नए भवन के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अस्पताल भवन का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कराएं, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। डॉ. सिंह ने कहा कि अस्पताल में नागरिक सुविधाओं से किसी प्रकार का समझौता न हो। दवाइयों की उपलब्धता, मरीजों को मिलने वाली सुविधाएं तथा उपचार व्यवस्था की उन्होंने जानकारी ली। साथ ही महिला वार्ड एवं शिशु वार्ड का विशेष रूप से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा शासकीय योजनाओं के तहत मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार मिले और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई को और बेहतर करने पर बल दिया।
