
झाबुआ। कलेक्टर नेहा मीना के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा आगामी भगोरिया हाट बाजार एवं होली त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए जांच अभियान शुरू किया है। जिसमें दूध एवं दूध से बने खाद्य पदार्थ, मिठाइयां एवं विशेष तौर पर कोल्डड्रिंक की जांच की जा रही है।
जांच अभियान में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा प्रारंभिक तौर पर कोल्डड्रिंक, पनीर एवं मावा के होलसेल विक्रेता एवं स्टॉकिस्ट की जांच की जा रही है। जांच में 19 फरवरी को खाद्य सुरक्षा अधिकारी राहुल सिंह अलावा के द्वारा झाबुआ के बस स्टेशन क्षेत्र पर पनीर के नाम से विक्रय के लिए दाहोद से लाया गया एनालॉग पदार्थ जप्त तक कर नमूने लिए हैं। जप्त खाद्य पदार्थ की मात्रा 180 किलोग्राम है जिसका बाजार मूल्य विक्रेता द्वारा 41400/- बताया गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा बताया गया कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण द्वारा प्रमाणित एनालॉग पदार्थ दिखने में हुबहु पनीर के जैसा होता है लेकिन गुणवत्ता स्तर पर पनीर से काफी भिन्न होता है। जिससे आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से बाजार में पनीर के नाम से बेचा जा रहा है। खाद्य सुरक्षा विभाग आम उपभोक्ताओं से अपील करता है कि पनीर के नाम से बिकने वाले सस्ते एनालॉग पदार्थ को खरीदने से पूर्व विक्रेता से जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
