फेफड़ों की गंभीर बीमारी से पीड़ित रितिका एयर एम्बुलेंस से चंडीगढ़ रवाना

मंडला। जिले के ग्राम घुटास निवासी 16 वर्षीय रितिका जो फेफड़ों की गंभीर बीमारी फाइब्रोसिस एवं फुफ्फुसीय धमनी उच्च रक्तचाप से पीड़ित हैं, को बेहतर उपचार के लिए हवाई एम्बुलेंस से चंडीगढ़ भेजा गया। समय पर की गई पहल से एक गंभीर मरीज को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकी। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की मंशा के अनुरूप संचालित प्रधानमंत्री श्री हवाई एम्बुलेंस सेवा के अंतर्गत यह व्यवस्था की गई। बिछिया विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक नारायण सिंह पट्टा ने रितिका की गंभीर स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री से दूरभाष पर चर्चा कर हवाई एम्बुलेंस उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।विधायक की पहल के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हुआ। कलेक्टर के निर्देशन में चंडीगढ़ स्थित पोस्टग्रेजुएट इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान) के विशेषज्ञ चिकित्सकों से समन्वय स्थापित किया गया, जिसके पश्चात संस्थान द्वारा निःशुल्क उपचार की सहमति प्रदान की गई। रितिका आयुष्मान भारत योजना की पात्र हितग्राही हैं, जिसके अंतर्गत हवाई एम्बुलेंस सहित संपूर्ण उपचार निःशुल्क सुनिश्चित किया गया। 20 फरवरी को प्रातः जबलपुर हवाई अड्डे से उन्हें हवाई एम्बुलेंस के माध्यम से चंडीगढ़ रवाना किया गया,जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार प्रारंभ हो चुका है।

उल्लेखनीय है कि रितिका के पिता का पूर्व में निधन हो चुका है l तथा उनकी माता ही उनका एकमात्र सहारा हैं। प्रशासन द्वारा परिवार को आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई है। जनप्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन की समन्वित पहल से एक जरूरतमंद परिवार को बड़ी राहत मिली है,जिसकी क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।

Next Post

मुर्मु से मिले गुटेरेस, वैश्विक मुद्दों पर हुई बातचीत

Fri Feb 20 , 2026
नयी दिल्ली 20 फरवरी (वार्ता) संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने शुक्रवार को यहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भेंट की। दोनों ने वैश्विक संस्थाओं में सुधार सहित विभिन्न वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। श्री गुटेरेस भारत द्वारा यहां कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर आयोजित सम्मेलन में हिस्सा लेने आये हुए […]

You May Like