अशोकनगर: जिले का माधौगढ़ गांव इन दिनों अवैध शराब निर्माण के कारण सुर्खियों में है। लगातार हो रही कार्रवाइयों के बावजूद यहां नदी किनारे अवैध शराब का धंधा थमने का नाम नहीं ले रहा। करीला मेले से पहले सघन अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने गांव में दबिश दी तो शराब बनाने वालों ने गुलेल से हमला कर दिया, जिसमें प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक सुरेश सिंह रघुवंशी घायल हो गए।
विरोध के बावजूद टीम ने कार्रवाई जारी रखते हुए 9 लोहे और 6 प्लास्टिक टंकियों में भरा करीब 3 हजार लीटर महुआ लाहन और 18 लीटर हाथभट्टी शराब बरामद की, जिसकी कीमत लगभग 4.78 लाख रुपये आंकी गई। लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। कलेक्टर के निर्देश पर चल रहे इस अभियान के तहत आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) व 34(एफ) में तीन प्रकरण दर्ज किए हैं।
