
नई दिल्ली। श्रीनिवास कटिकिथला, सचिव, आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने घिटोरनी में सीआईआई-एनबीसीसी प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर रवि कुमार अरोड़ा, संयुक्त सचिव, एमओएचयूए; के. पी. महादेवास्वामी, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, एनबीसीसी; डॉ. सुमन कुमार, निदेशक (वाणिज्य) एनबीसीसी और एनबीसीसी के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
भारत में कौशल अंतर को पाटने और रोजगार क्षमता को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, एनबीसीसी और भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) ने दिल्ली के घिटोरनी में एक बहु-कौशल प्रशिक्षण संस्थान (एमएसटीआई) और एक मॉडल करियर सेंटर (एमसीसी) की स्थापना करने के लिए सहयोग किया है। यह सहयोग उद्योग से संबंधित कौशल प्रदान करके, रोजगार क्षमता को सुगम बनाकर भारत के युवाओं को सशक्त बनाता है और आर्थिक विकास को प्रोत्साहित करता है।
भारत के इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों का दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा, जो यह सुनिश्चित करेंगे कि वे उद्योग की बदलती जरूरतों के अनुरूप कौशल से लैस हों।
करियर काउंसलिंग, जॉब फेयर और उद्योग के साथ संबंधों के माध्यम से, यह कार्यक्रम यह सुनिश्चित करेगा कि यह न केवल सीधे प्लेसमेंट की सुविधा प्रदान करेबल्कि रोजगार के स्पष्ट मार्ग भी प्रदान करे। यह कार्यक्रम उद्योग-अनुरूप ब्रिज कोर्स प्रदान करेगा जिसका उद्देश्य युवाओं को पुनः कौशल प्रदान करना और उनके कौशल को संवर्धित करना है, ताकि वे रिटेल, विनिर्माण, बीपीओ और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में आधुनिक कार्यबल के लिए तैयार हो सकें।
