जबलपुर: कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर जिले के नर्मदा और हिरन नदी घाटों पर राजस्व, पुलिस और खनिज अमले की टीम ने अवैध रेत के संग्रह और परिवहन पर कड़ा नियंत्रण किया। तीन दिन की लगातार कार्रवाई में कई घाटों से रेत जब्त कर नदी में गिरा दी गई।
जानकारी के अनुसार पाटन तहसील के महुआखेड़ा, जूरीकला, पौड़ीकला, गाड़ाघाट, मडवा और कैमारी घाटों का निरीक्षण किया गया। गाड़ाघाट के कोनीकला घाट में लगभग 200 घनमीटर रेत जब्त कर नदी में डाला गया। शहपुरा और शीतलपुर क्षेत्रों में लगभग 4000 घनमीटर रेत जेसीबी मशीनों से नष्ट की गई।
सिहोरा और कुंडम क्षेत्र में जब्ती
कार्यवाही के दौरान सिहोरा तहसील के देवरी, खिरहेनी, घोराकोनी और मढ़ा घाटों में नदी किनारे जमा अवैध रेत को वापस नदी में समाहित किया गया और घाटों तक जाने वाले रास्ते बंद किए गए। कुंडम तहसील के कल्याणपुर और रानीपुर घाटों में भी अवैध रेत परिवहन रोकने के लिए मार्ग अवरुद्ध किए गए।
तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध रेत ले जाते हुए पकड़े इसी प्रकार सिहोरा क्षेत्र में तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध रेत ले जाते हुए पकड़े गए। इनके खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किए गए।
