चाची की अस्थि विसर्जन करने गए युवक की तालाब में डूबने से मौत

सीधी। जिले के मड़वास थानांतर्गत पथरौला पुलिस चौकी के ग्राम सिलवार में फूलमती देवी मंदिर के समीप तालाब में अस्थि-विसर्जन के दौरान 22 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। आज गुरुवार को युवक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार तेजभान साहू उर्फ संजू पिता देवराज साहू उम्र 22 वर्ष अपनी चाची के निधन के बाद अस्थि-विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने परिवार सहित तालाब पहुंचा था। चाची की मौत चार दिन पहले हुई थी और तीसरे दिन की रस्म के लिए करीब 100 से अधिक लोग एकत्रित हुए थे।

इस दौरान तेजभान अन्य परिजनों के साथ तालाब में स्नान करने उतरा। अचानक वह गहरे पानी की ओर चला गया और डूबने लगा। मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों ने उसे बचाने का तुरंत प्रयास किया। कई लोग तालाब में कूदे लेकिन तेजभान का कोई सुराग नहीं मिल सका। स्थिति गंभीर होते देख परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। इसके बाद स्टेट डिजास्टर इमरजेंसी रिस्पांस फोर्स ( एसडीईआरएफ) की टीम को बुलाया गया।एसडीईआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब तीन घंटे की सर्चिग में देर शाम युवक का शव तालाब से बाहर निकाला। पुलिस ने स्थल पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मड़वास भेजा। गुरुवार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया संपन्न हुई और शव परिजनों को सौंपा गया।

इनका कहना है-

मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

कन्हैया सिंह बघेल, थाना प्रभारी मड़वास

Next Post

जिला अस्पताल में खड़ी 108 एंबुलेंस तेज धमाके के साथ धू-धू कर जली 

Thu Feb 12 , 2026
सीधी। जिला अस्पताल परिसर में खड़ी एक 108 एंबुलेंस में तेज धमाके के साथ भीषण आग लगने से अफरा- तफरी मच गई। बुधवार रात करीब 10 बजे आग लगने से पहले एक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद एंबुलेंस देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गई […]

You May Like