चेन्नई, 08 फरवरी (वार्ता) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 14 फरवरी को केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के कराईकल में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे।
रैली में श्री शाह के साथ राजग गठबंधन के सहयोगी दल मुख्यमंत्री एन रंगासामी के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ अखिल भारतीय एनआर कांग्रेस (एआईएनआरसी) और अन्नाद्रमुक के नेता भी शामिल होंगे। तमिलनाडु और पुडुचेरी में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर चुनावी तैयारियां जोर पकड़ रही हैं।
जनसभा के लिए तैयारियां तेज हो गयी हैं। शनिवार को करियाकल के नगरपालिका मैदान में रैली होगी। वहां मंच और पंडाल बनाने के लिए भूमि पूजा की गयी। इसमें बतौर मेहमान पुडुचेरी विधानसभा अध्यक्ष आर सेल्वम और पुडुचेरी भाजपा प्रभारी निर्मल कुमार सुराणा भी शामिल हुए।
पूजन के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए श्री सुराणा ने कहा कि इसका मकसद कराईकल की सभी पांच विधानसभा सीटों पर एनआर कांग्रेस-भाजपा गठबंधन की जीत पक्की करना है।
इस बीच पुलिस सूत्रों ने कहा कि श्री शाह चुनावी सभा को संबोधित करने से पहले हेलिकॉप्टर से भी तिरुनल्लर जाकर भगवान शनिश्वरर मंदिर में दर्शन करेंगे।
पुलिस ने कराईकल और तिरुनल्लर के आसपास 500 से ज्यादा पुलिसवालों को तैनात कर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये हैं।
