
ग्वालियर। जनकगंज थाना क्षेत्र के गोल पहाड़िया क्षेत्र में दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने खाटू श्याम टी स्टॉल दुकान के ताले तोड़े और गैस सिलेंडर, सिगरेट व पान मशाला के पैकेट चोरी कर ले गए। वारदात का पता उस समय चला जब दुकानदार सुबह 7 बजे दुकान खोलने पहुंचा। ताले टूटे मिले और दुकान के अंदर से सामान गायब मिला। चोरी की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पुलिस पहुंची और दुकान के आस-पास लगे सीसीटीवी देख रही है, जिससे चोरों का कुछ पता चल सके। गोल पहाड़िया नवग्रह कॉलोनी गेट नम्बर दो के पास मार्केट बनी हुई है। मार्केट में अमित कुशवाह निवासी संजय नगर लक्ष्मीगंज सब्जी मंडी के पीछे खाटू श्याम टी स्टॉल के नाम से दुकान है। अमित कुशवाह दुकान से चाय, कॉफी, पेटीज, सिगरेट, पान मशाला व खान-पान का अन्य सामान बेचते हैं। रात 11 बजे अमित ने दुकान बंद की और घर चला गया। सुबह 7 बजे दुकान पर पहुंचा तो देखा कि ताले टूटे हुए हैं और शटर हल्का सा खुला है। ताले टूटे देखकर अमित दुकान के अंदर पहुंचा तो पता चला कि गैस सिलेंडर, सिगरेट व पान मशाला के पैकेट तथा गल्ले में रखी कुछ नकदी अज्ञात चोर ले गए थे। चोरी होने की जानकारी अमित कुशवाह ने तत्काल जनकगंज थाने में दी।
*सब्बल से तोड़े तालेः* खाटू श्याम टी स्टॉल के संचालक अमित कुशवाह ने बताया कि दुकान के दोनों ताले सब्बल से तोड़े गए हैं, क्योंकि तालों पर उसके निशान हैं। दुकान के सामने जो दुकान है उसमें सीसीटीवी लगे हैं और पुलिस आने के बाद उन्हीं की फुटेज देख रही है।
