साड़ी की दुकान में चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार, दुपट्टा खरीदने के बहाने दुकान में घुसे थे; निम्बाहेड़ा, चित्तौडग़ढ़ से पकड़ा

नीमच। नगर में वीर पार्क रोड स्थित राधिका साड़ी सेंटर में हुई चोरी का नीमच केंट पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने राजस्थान के निम्बाहेड़ा और चित्तौडग़ढ़ से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने दुकान से 50 हजार रुपये नकद चुराए थे। यह घटना 2 फरवरी को हुई थी। फरियादी अवनी जोशी अपनी दुकान पर थीं, तभी दो अज्ञात युवक दुपट्टा खरीदने के बहाने दुकान में घुसे। उन्होंने पहले 300 रुपये का दुपट्टा खरीदा और चले गए।

कुछ देर बाद वे दोबारा लौटे और कम कीमत की साड़ी दिखाने को कहा। जब संचालिका साड़ी निकालने के लिए काउंटर से पीछे मुड़ीं, तो आरोपियों ने मौका पाकर दराज में रखा खाकी ब्राउन रंग का पर्स चुरा लिया। पर्स में 50 हजार रुपये नकद थे। चोरी का अहसास होने पर फरियादी ने तत्काल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन में पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने इलाके के करीब 50 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और साइबर सेल की मदद ली।

तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी नदीम पिता मोहम्मद हमीद निवासी कच्ची बस्ती, निम्बाहेड़ा और सलमान पिता निसार निवासी गांधीनगर, चित्तौडग़ढ़ को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। इस कार्रवाई में केंट थाना प्रभारी निरीक्षक नीलेश अवस्थी, प्रधान आरक्षक मनोज भाटी और साइबर सेल टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस फिलहाल आरोपियों से चोरी की गई राशि और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल की बरामदगी के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है।

Next Post

हृदय रोग परीक्षण शिविर 7 को, डॉ यूसुफ जमाल आएंगे

Thu Feb 5 , 2026
ग्वालियर। जमुना बाई मेमोरियल ट्रस्ट के तत्वावधान में 7 फरवरी, शनिवार को महावीर भवन कंपू में स्व. अंसारानी अग्रवाल की स्मृति में हृदय रोग परीक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में जीबी पंत अस्पताल नई दिल्ली के प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ यूसुफ जमाल मरीजों का परीक्षण कर परामर्श […]

You May Like