राशन कार्ड धारक परिवारों को साल में दो बार मुफ्त एलपीजी सिलेंडर की आर्थिक सहायता मिलेगी : रेखा गुप्ता

नयी दिल्ली, 03 फरवरी (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली के सभी राशनकार्ड धारकों को होली और दिवाली पर निशुल्क गैस सिलेंडर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल ने आज उस योजना को मंजूरी दे दी है, जिसके अंतर्गत वर्ष 2026 से दिल्ली के सभी राशन कार्ड धारक परिवारों को प्रतिवर्ष दो एलपीजी सिलेंडर के बराबर आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। यह सहायता होली और दिवाली जैसे प्रमुख त्योहारों के अवसर पर दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि यह योजना दिल्ली सरकार की लक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह कल्याण नीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि सिलेंडर की निर्धारित राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से परिवार के मुखिया के आधार-सीडेड बैंक खाते में प्रदान की जाएगी। इस योजना पर होने वाला अनुमानित वार्षिक व्यय लगभग 242.77 करोड़ रुपये होगा, जो एलपीजी कीमतों, भारत सरकार की सब्सिडी तथा लाभार्थियों की संख्या में परिवर्तन के अनुसार समायोजित किया जाएगा। दिल्ली सरकार ने इसके लिए स्पष्ट बजटीय प्रतिबद्धता सुनिश्चित की है। मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं है, बल्कि त्योहारों के समय गरिमा और राहत सुनिश्चित करने का माध्यम है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से केंद्र सरकार ने देश की करोड़ों महिलाओं को स्वच्छ ईंधन, बेहतर स्वास्थ्य और सम्मानजनक जीवन दिया है। दिल्ली सरकार की यह योजना उसी दूरदर्शी सोच का विस्तार है, जिसमें कल्याण को सब्सिडी की राजनीति नहीं, बल्कि नियम आधारित और पारदर्शी शासन के रूप में लागू किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि यह योजना भारतीय जनता पार्टी के संकल्प पत्र का हिस्सा थी और दिल्ली सरकार चरणबद्ध रूप से अपने सभी वादों को ज़मीन पर उतार रही है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ घोषणा नहीं, बल्कि शासन की नीयत और क्रियान्वयन की क्षमता का प्रमाण है। यही सुशासन का फर्क है।

 

 

Next Post

मासूम ने अनजाने में पीने के पानी में मिलाया कीटनाशक

Tue Feb 3 , 2026
मंडला। अंजनियां के समीपस्थ ग्राम बगली में सोमवार की शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 4 वर्षीय मासूम की अनजानी गलती के कारण एक ही परिवार के 10 सदस्य जहरीले पानी का शिकार हो गए। सभी बीमारों को आनन-फानन में जिला अस्पताल मंडला में […]

You May Like