
शाजापुर, 1 फरवरी. पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह अपनी सामाजिक समरसता यात्रा के तहत शाजापुर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी फिलहाल मजबूत विपक्ष की भूमिका नहीं निभा पा रही है. उन्होंने राष्ट्रहित को सर्वोपरि बताते हुए लोगों के बीच पहुंचने की बात कही. लक्ष्मण सिंह ने बताया कि उनकी यह यात्रा गुना, अशोकनगर और राजगढ़ जिले की सभी विधानसभाओं को कवर करने के बाद शाजापुर जिले में पहुंची है. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी यात्रा का उद्देश्य राजनीतिक नहीं है. इसके माध्यम से वे बिना किसी तामझाम के हाट बाजारों, गांवों और छोटे समूहों के बीच जाकर लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं. हालांकि, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि देश और प्रदेश में एक मजबूत विपक्ष का होना बहुत जरूरी है. पार्टियों में गुटबाजी से जुड़े सवाल पर लक्ष्मण सिंह ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां ऊपर से चलती है, जिसके कारण गुटबाजी बनी रहती है. इंदौर में दूषित पानी की घटना पर उन्होंने अधिकारियों की लापरवाही और नेताओं के अहंकार को जिम्मेदार ठहराया.
