इंदौर–बिलासपुर एक्सप्रेस को एलएचबी रेक का तोहफा

इंदौर. इंदौर से बिलासपुर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. पश्चिम मध्य रेलवे ने गाड़ी संख्या 18233/18234 इंदौर–बिलासपुर (नर्मदा) एक्सप्रेस को एलएचबी रेक से चलाने का फैसला किया है. इस अपग्रेड के बाद यात्रियों को न सिर्फ ज्यादा आराम मिलेगा, बल्कि यात्रा पहले से कहीं अधिक सुरक्षित भी होगी.

रेलवे जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि अब तक यह ट्रेन पारंपरिक आईसीएफ रेक से संचालित हो रही थी. एलएचबी रेक के शामिल होने से ट्रेन की संरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी. एलएचबी कोच आधुनिक तकनीक से निर्मित होते हैं, जो तेज रफ्तार में भी ज्यादा स्थिर रहते हैं और दुर्घटना की स्थिति में नुकसान की संभावना कम रहती है. इन कोचों में बेहतर ब्रेकिंग सिस्टम, कम शोर, कम झटके और ज्यादा आरामदायक बैठने व सोने की सुविधा होती है. गाड़ी संख्या 18233 इंदौर–बिलासपुर 31 मार्च 2026 से और गाड़ी संख्या 18234 बिलासपुर–इंदौर 30 मार्च 2026 से एलएचबी रेक के साथ चलाई जाएगी. रेलवे ने साफ किया है कि इस बदलाव से ट्रेन के समय, ठहराव या रूट में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है. यात्री पूर्व निर्धारित समय अनुसार ही यात्रा कर सकेंगे. नए एलएचबी रेक में 20 कोच रहेंगे, जिनमें एक फर्स्ट एसी, एक सेकंड एसी, पांच थर्ड एसी, नौ स्लीपर और चार सामान्य श्रेणी के कोच शामिल होंगे. यह अपग्रेड इंदौर, उज्जैन, रतलाम मंडल क्षेत्र सहित मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के हजारों यात्रियों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है. लंबी दूरी की इस ट्रेन में अब सफर ज्यादा स्मूद, सुरक्षित और आरामदायक होगा. यात्रियों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए अन्य ट्रेनों में भी एलएचबी रेक लगाए जाने की मांग की है.

Next Post

फोरलेन पर खड़े ट्रक से स्कूटी की टक्कर,युवक की मौत

Thu Jan 29 , 2026
रतलाम। फोरलेन पर धराड़ के पास हुए दर्दनाक हादसे में रतलाम निवासी युवक की मौत हो गई सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। दोपहर में अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस से […]

You May Like