नयी दिल्ली, 28 जनवरी (वार्ता) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि सहकारिता से जनकल्याण और राज्य के विकास के लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा। श्री बिरला ने अपने शोक संदेश में कहा ”महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार एवं अन्य लोगों का एक विमान दुर्घटना में असमय निधन अत्यंत दुःखद है। श्री अजित पवार महाराष्ट्र के बारामती संसदीय क्षेत्र से 10वीं लोक सभा के सदस्य भी रहे। अपने सुदीर्घ राजनीतिक जीवन में सहकारिता से जनकल्याण और राज्य के विकास के लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा।”
उन्होंने कहा कि ”ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवारों और समर्थकों को यह पीड़ा सहन करने की शक्ति प्रदान करें।” गौरतलब है कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार तथा चार अन्य व्यक्तियों की बारामती में विमान दुर्घटना में बुधवार को मौत हो गयी।

