श्रेयस अय्यर न्यूजीलैंड टी-20 सीरीज के बाकी मैचों के लिए टीम के साथ बने रहेंगे

गुवाहाटी, 26 जनवरी (वार्ता) फिटनेस की समस्या के कारण तिलक वर्मा के उपलब्ध न होने पर न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही टी-20 सीरीज के लिए अस्थायी रूप से चुने गये श्रेयस अय्यर शेष मैचों के लिए टीम के साथ बने रहेंगे। वह आखिरी दो मैचों के लिए विशाखापत्तनम और उसके बाद तिरुवनंतपुरम जाएंगे।

अय्यर को सिर्फ पहले तीन मैचों के लिए तिलक की जगह रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया गया था। उनका टीम के साथ यात्रा करना इस बात का संकेत है कि तिलक मौजूदा सीरीज़ के लिए वापस नहीं आएंगे। तिलक, जिनकी इस महीने की शुरुआत में राजकोट में विजय हजारे मैच खेलते समय सर्जरी हुई थी, उनके सात फरवरी से शुरू होने वाले विश्व कप के लिए फिट होने की उम्मीद है। वह फिलहाल बेंगलुरु में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हैं और, उनके अपने सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार, उन्होंने रिहैब प्रक्रिया शुरू कर दी है। उनके करीबी एक सूत्र ने बताया कि वह विश्व कप के लिए निश्चित रूप से उपलब्ध रहेंगे।

एकदिवसीय टीम के उप-कप्तान अय्यर को मौजूदा सीरीज में अभी तक प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली है। उन्होंने दिसंबर 2023 के बाद से कोई अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच नहीं खेला है।

टी-20 सीरीज से बाहर किये गये वाशिंगटन सुंदर को लेकर अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वह टी- 20 वर्ल्ड कप के लिए उपलब्ध होंगे या नहीं। वह बड़ौदा में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे के बाद से एक्शन से बाहर हैं। 11 जनवरी को वडोदरा में बॉलिंग करते समय सुंदर को अपनी निचली पसली के हिस्से में अचानक तेज दर्द महसूस हुआ, जिसके बाद उनका स्कैन किया गया।

बीसीसीआई ने रवि बिश्नोई को टी-20 के लिए उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर घोषित करते हुए कहा, “इसके बाद एक एक्सपर्ट से आमने-सामने सलाह ली गई। उन्हें साइड स्ट्रेन का पता चला है और कुछ दिनों के आराम की सलाह दी गई है, जिसके बाद वह अपनी चोट के आगे के इलाज के लिए बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में रिपोर्ट करेंगे।”

बिश्नोई ने 43 टी-20 मैच खेले हैं। पह गुवाहाटी में रविवार के मैच के लिए एकादश में जगह बनाने में कामयाब रहे, लगभग एक साल बाद भारतीय टीम में वापसी की और 18रन देकर दो विकेट लेकर प्रभावी प्रदर्शन किया। अगर सुंदर बाहर हो जाते हैं तो संभावना है कि चयनकर्ता विश्व कप के लिए भी उन्हें ही चुनेंगे।

 

 

Next Post

सीएम डॉ यादव ने उज्जैन में सिंहस्थ 2028 प्रदर्शनी का किया अवलोकन, पोषण योजना के विशेष भोज में हुए शामिल

Mon Jan 26 , 2026
उज्जैन:मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन प्रवास के दौरान सिंहस्थ 2028 की तैयारियों से जुड़ी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने सिंहस्थ के सफल आयोजन हेतु की जा रही व्यवस्थाओं, विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रधानमंत्री […]

You May Like

Play sound