भोपाल। शहर के कैंसर अस्पताल के पास स्थित वाजपेई नगर मल्टी (वार्ड क्रमांक 10) में पिछले एक माह से दूषित पानी की सप्लाई हो रही है. क्षेत्र में पानी की आपूर्ति के लिए सड़क के नीचे बिछाई गई पाइपलाइन खुदी हुई अवस्था में पड़ी है, जिसमें सीवेज का पानी भरा हुआ है. इसके बावजूद अब तक पाइपलाइन की मरम्मत कर जल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया है.
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत किए जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका है. इस क्षेत्र से लिए गए पानी के सैंपल जांच में दूषित पाए गए थे.
गौरतलब है कि हाल ही में इंदौर में दूषित पानी के कारण 28 लोगों की मौत हो चुकी है. उक्त घटना के बाद प्रदेश भर में नगर निगम और नगर पालिकाओं द्वारा पानी के सैंपल की जांच कराई गई थी. भोपाल के चार स्थानों से लिए गए सैंपल जांच में असफल पाए गए थे, जिनमें वाजपेई नगर क्षेत्र भी शामिल था.
इसके बावजूद अब तक वाजपेई नगर मल्टी में जल आपूर्ति व्यवस्था में कोई सुधार नहीं किया गया है. स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द ही आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भोपाल में भी गंभीर स्वास्थ्य संकट उत्पन्न हो सकता है. इस संबंध में नगर निगम के अधिकारियों से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन कोई जवाब प्राप्त नहीं हो सका.
