
जबलपुर। ढाई घंटे निगमायुक्त ने गढ़ा क्षेत्र का जायजा लिया बल्कि नागरिकों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने परियोजनाओं का भी जायजा लिया। साथ ही अधिकारियों को दो टूक कहा कि कार्यों मेें लापरवाही न बरतें। दरअसल शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने गढ़ा क्षेत्र के पंडा की मढिया इलाके का ढाई घंटे तक पैदल भ्रमण कर सघन दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को सुना और निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र के हर घर तक स्वच्छ और पर्याप्त दबाव के साथ पानी पहुँचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पाइपलाइन नेटवर्क की समीक्षा की ताकि आने वाले गर्मियों के सीजन में नागरिकों को जल संकट का सामना न करना पड़े। उन्होंने इस मौके पर नाला निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए निर्माण की गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल निकासी की व्यवस्था ऐसी हो जिससे वर्षाकाल में जलप्लावन की स्थिति निर्मित न हो। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने स्थानीय लोगों से सीधे संवाद किया, और मौके पर मौजूद इंजीनियरों और संबंधित अधिकारियों को सुझावों पर त्वरित अमल करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के मौके पर निगमायुक्त के साथ अन्य अधिकारी कर्मचारी भी मौजूद रहे।
