इंदौर:देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल पर कई उड़ानें निरस्त होने से यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. मुंबई, गोंदिया और दिल्ली रूट की उड़ानें अचानक रद्द किए जाने से एयरपोर्ट पर अव्यवस्था की स्थिति बन गई और नाराज यात्रियों ने विरोध भी जताया.एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक इंदौर मुंबई गोंदिया सेक्टर पर संचालित होने वाली एक निजी एयरलाइन की सभी चार उड़ानें एक साथ निरस्त कर दी गईं. कंपनी की ओर से यात्रियों को केवल ऑपरेशनल कारण बताकर संतोष किया, जबकि किसी ठोस वजह की जानकारी नहीं दी गई. बताया जा रहा है कि यह सेवा 15 जनवरी से शुरू हुई थी और नियमित रूप से संचालित हो रही थी.
फ्लाइट निरस्त होने की जानकारी मिलने पर टिकट बुक करा चुके यात्रियों में नाराजगी फैल गई. कई यात्रियों ने एयरपोर्ट पर आपत्ति जताई, जिसके बाद कंपनी प्रतिनिधियों ने रिफंड और वैकल्पिक बुकिंग का आश्वासन देकर स्थिति संभाली. गोंदिया जाने वाले यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी हुई, क्योंकि इस रूट पर इंदौर से कोई अन्य सीधी उड़ान उपलब्ध नहीं है. इधर, दिल्ली रूट पर भी यात्रियों की मुश्किलें कम नहीं हुईं. राष्ट्रीय राजधानी से इंदौर आने जाने वाली चार उड़ानें लगातार छठे दिन भी रद्द रहीं. ये उड़ानें 21 जनवरी से निरस्त चल रही हैं. अधिकारियों के अनुसार गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली में होने वाले एयर शो की तैयारियों के चलते हवाई यातायात पर अस्थायी रोक लगाई गई है. 27 जनवरी से उड़ानों के दोबारा शुरू होने की संभावना जताई गई है.
विमानतल पर अंतर विभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू
इंदौर. देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल प्रबंधन की ओर से शनिवार से अंतर विभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन शुरू किया. प्रतियोगिता में विमानतल पर कार्यरत विभिन्न विभागों की 11 टीमें भाग ले रही हैं. टूर्नामेंट का उद्घाटन सुबह विमानतल परिसर स्थित मैदान पर किया. प्रतियोगिता नॉकआउट पद्धति पर खेली जाएगी, जिसका फाइनल मुकाबला 25 जनवरी को आयोजित होगा. आयोजन के दौरान विजेता और उपविजेता टीम के साथ ही मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज सहित अन्य पुरस्कार भी दिए जाएंगे. विमानतल प्रबंधन का कहना है कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य कर्मचारियों के बीच आपसी तालमेल, खेल भावना और सकारात्मक कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना है. उद्घाटन अवसर पर विमानतल के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.
