ग्वालियर: विधानसभा के अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने आदित्यपुरम कॉलोनी में 75 लाख से बनाई गई मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक का लोकार्पण किया। संजीवनी क्लीनिक के शुभारंभ के अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष जय प्रकाश राजौरिया, पार्षद रेखा त्रिपाठी, ममता शर्मा, मंजुलता कुशवाह सहित अशोक जैन, जबर सिंह, मुलायम सिंह यादव, रामप्रकाश परमार, हरिओम झा सहित बडी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने कहा कि यह सरकार की बड़ी योजना है। दरअसल यह सब को स्वास्थ्य उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा प्रयास है। सरकार हर व्यक्ति को स्वस्थ देखना चाहती है।
वार्ड स्तर पर ही लोगों को स्वास्थ्य सुविधा मिल सके इस दिशा में यह बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा की दृष्टि से ग्वालियर में बहुत सुविधायें बडी है। मुरार में जिला अस्पताल के साथ ही प्रसूतिगृह का जीर्णोद्धार कर सुविधायें बडाई हैं, इसके साथ ही हजीरा सिविल अस्पताल एवं बिरला नगर प्रसूतिगृह का भी जीर्णोद्धार हुआ हैं, जिनका लाभ क्षेत्रीय नागरिकों मिल रहा है। साथ ही पहले बडा अस्पताल 600 बेड का था जिसे 1000 बिस्तर का बनाया गया है, जहां हजारों मरीजों को लाभ मिल रहा है। विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने संजीवनी क्लीनिक पर पौधारोपण भी किया।
