आईसीसी बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के रवैये से नाराज़ है। वर्ल्ड कप को लेकर बढ़ते विवाद के बीच बोर्ड जल्द ही बांग्लादेश की जगह रिप्लेसमेंट टीम के ऐलान पर फैसला कर सकता है।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने आईसीसी की विवाद समाधान समिति (डीआरसी) को पत्र लिखकर राष्ट्रीय पुरुष टीम के T20 वर्ल्ड कप मुकाबले भारत में कराने के फैसले को पलटने की मांग की है। हालांकि, यह अपील सुनी नहीं जाएगी क्योंकि यह मामला डीआरसी के अधिकार क्षेत्र से बाहर है। डीआरसी के अध्यक्ष इंग्लैंड के वरिष्ठ वकील माइकल बेलॉफ (किंग्स काउंसिल) हैं।
बीसीबी के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर बताया, “बीसीबी अपने सभी विकल्प आजमाना चाहता है, इसलिए डीआरसी का रुख किया गया। अगर यहां से भी फैसला खिलाफ आता है तो अंतिम मंच स्विट्जरलैंड स्थित खेल पंचाट (CAS) ही बचेगा।” इससे पहले बांग्लादेश की अंतरिम सरकार और खेल मंत्रालय के सलाहकार आसिफ नजरुल ने ‘सुरक्षा कारणों’ का हवाला देते हुए भारत दौरे से इनकार करने की बात कही थी। यह बयान ऐसे समय आया था, जब अनुभवी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को बीसीसीआई के निर्देश पर कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम से हटाया गया था।
