तीन दिन में नशा तस्करों पर नकेल: एमपी पुलिस ने 13.88 करोड़ की जब्ती, 28 किए गिरफ्तार

भोपाल। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के निर्देश पर मध्यप्रदेश पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान को और तेज कर दिया है। बीते तीन दिनों के दौरान रतलाम, नरसिंहपुर, सतना, कटनी और नीमच जिलों में एक साथ की गई कार्रवाइयों में पुलिस ने नशीले पदार्थ, रसायन, हथियार, वाहन और अन्य सामग्री सहित कुल 13.88 करोड़ रुपये से अधिक की जब्ती की है। इस दौरान 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

रतलाम में पुलिस ने अवैध एमडी (मेथिलीनडाइऑक्सीमेथामफेटामाइन) ड्रग निर्माण इकाई का भंडाफोड़ करते हुए 16 आरोपियों को पकड़ा। यहां से 10.93 किलोग्राम एमडी, निर्माण सामग्री, केमिकल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दो चारपहिया वाहन जब्त किए गए, जिनकी कुल कीमत लगभग 12 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा दो अवैध हथियार, 91 कारतूस, कीमती चंदन तथा एक घर में अवैध रूप से रखे गए दो मोर भी बरामद किए गए, जिन्हें वन विभाग ने रेस्क्यू किया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

नरसिंहपुर में ऑपरेशन ईगल क्लॉ के तहत दो कार्रवाइयों में ट्रक से 106 किलोग्राम गांजा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं एक अन्य मामले में 31.55 ग्राम स्मैक बरामद की गई। जिले में कुल 58.5 लाख रुपये की सामग्री जब्त करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ा गया।

सतना के उचेहरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने 400 किलोग्राम गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। कटनी में 133.93 किलोग्राम गांजा बरामद कर छह तस्करों को पकड़ा गया, जबकि नीमच में सिंथेटिक ड्रग, नशीली गोलियां और अन्य सामग्री जब्त कर दो आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।

इन कार्रवाइयों से यह स्पष्ट है कि मध्यप्रदेश पुलिस नशे के भंडारण और तस्करी के खिलाफ पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है।

 

Next Post

इटारसी स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण

Tue Jan 20 , 2026
इटारसी। पश्चिम मध्य रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य योगेंद्र सिंह राजपूत ने इटारसी रेलवे स्टेशन एवं स्टेशन रोड का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर यात्री सुविधाओं, स्टेशन परिसर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान राजपूत ने […]

You May Like