भारत और न्यूजीलैंड के बीच 21 जनवरी से शुरू होने वाली 5 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज के लिए भारतीय खिलाड़ियों का नागपुर पहुंचने का सिलसिला आज शाम से शुरू हो जाएगा। टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या और रिंकू सिंह जैसे प्रमुख खिलाड़ी देश के विभिन्न शहरों से अलग-अलग उड़ानों के जरिए शनिवार रात तक नागपुर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने खिलाड़ियों के स्वागत और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। वहीं, जो खिलाड़ी वर्तमान में वनडे सीरीज का हिस्सा हैं, वे 18 जनवरी को इंदौर का मैच खेलने के बाद 19 जनवरी को नागपुर में टीम से जुड़ेंगे।
नागपुर के जामठा स्टेडियम में भारतीय टीम 18 जनवरी को अपना पहला अनौपचारिक अभ्यास सत्र आयोजित करेगी। मुख्य प्रैक्टिस सेशन 20 जनवरी को निर्धारित है, जिसमें न्यूजीलैंड की टीम दोपहर में और भारतीय टीम शाम को पसीना बहाएगी। इस सीरीज के लिए टीम संयोजन में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं; चोटिल वाशिंगटन सुंदर की जगह स्पिनर रवि बिश्नोई की टीम में वापसी हुई है, वहीं तिलक वर्मा के स्थान पर अनुभवी बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को 2 साल बाद टी20 टीम में शामिल किया गया है। जसप्रीत बुमराह की मौजूदगी से भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण को नई धार मिलने की उम्मीद है।
क्रिकेट प्रेमियों के लिए मैच के टिकटों की ऑनलाइन बिक्री आज सुबह 10 बजे से ‘डिस्ट्रिक्ट बाय जोमाटो’ ऐप और वेबसाइट पर शुरू हो गई है। प्रशासन ने कालाबाजारी रोकने के लिए एक मोबाइल नंबर पर अधिकतम दो टिकटों की सीमा तय की है। जिन दर्शकों ने टिकट ऑनलाइन बुक किए हैं, वे 18 से 20 जनवरी के बीच सिविल लाइंस स्थित बिलिमोरिया हॉल से अपने फिजिकल टिकट प्राप्त कर सकेंगे। गौरतलब है कि मैच के दिन स्टेडियम पर कोई भी टिकट काउंटर नहीं खुलेगा। नागपुर में लंबे समय बाद हो रहे इस अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर स्थानीय प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

