
नयी दिल्ली 15 जनवरी (वार्ता) यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष अंतोनियो लुईस सैंटोस दा कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लेयेन इस वर्ष 77 वें गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को यहां बताया कि श्री कोस्टा और सुश्री लेयेन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने के लिए 25 से 27 जनवरी 2026 तक भारत की राजकीय यात्रा पर आएंगे। दोनों नेता गणतंत्र दिवस समारोह के बाद 27 जनवरी को 16वें भारत–यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता भी करेंगे। यात्रा के दौरान श्री कोस्टा और सुश्री लेयेन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे तथा प्रधानमंत्री मोदी के साथ सीमित और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। भारत–यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन के अवसर पर भारत–यूरोपीय संघ व्यापार मंच के आयोजन की भी संभावना है।
भारत और यूरोपीय संघ वर्ष 2004 से रणनीतिक साझेदार हैं। इससे पहले 15वां भारत–यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन 15 जुलाई 2020 को वर्चुअल माध्यम से आयोजित किया गया था। पिछले वर्ष फरवरी में यूरोपीय आयोग के आयुक्तों की भारत यात्रा के बाद विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंध और अधिक विस्तृत तथा सुदृढ़ हुए हैं। यूरोपीय संघ के नेताओं की गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भागीदारी और 16वें भारत–यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने से भारत–यूरोपीय संघ रणनीतिक साझेदारी और अधिक गहरी होगी तथा आपसी हित के प्राथमिक क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ावा मिलेगा।
