भोपाल: खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने कहा है कि देश और मध्य प्रदेश के इतिहास में पहली बार खेलो एमपी यूथ गेम्स का आयोजन सभी खेल संघों के सहयोग से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक खेल आयोजनों का स्वरूप केवल इवेंट आधारित रहा है, लेकिन खेलो एमपी यूथ गेम्स को पूरी तरह चयन आधारित बनाया गया है, जिससे प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का वास्तविक अवसर मिलेगा।मंत्री सारंग ने जानकारी दी कि खेलो एमपी यूथ गेम्स में कुल 28 खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इस आयोजन के जरिए राज्य में खेलों के विकास को नई दिशा देने के साथ बड़े स्तर पर टैलेंट सर्च किया जाएगा।आज शाम 6 बजे भोपाल के बोट क्लब पर खेलो एमपी यूथ गेम्स के लोगो का भव्य अनावरण समारोह आयोजित किया जा रहा है। लोगो का अनावरण मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा। समारोह के दौरान फ्लोटिंग स्टेज पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश और देश में पहली बार किसी खेल आयोजन में वाटर प्रोजेक्शन तकनीक का उपयोग किया जा रहा है, जो इस कार्यक्रम को खास और यादगार बनाएगा। खेलो एमपी यूथ गेम्स के माध्यम से प्रदेश सरकार खेल संस्कृति को मजबूत करने और युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
