
इंदौर. प्रतिबंधित चाइनीज मांझा शहर में लगातार जानलेवा साबित हो रहा है. रविवार शाम कनाड़िया और तिलक नगर के बीच सड़क पर बाइक सवार युवक का गला चाइनीज मांझे से कट गया. गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. वहीं दूसरी घटना में सपना संगीता रोड पर नीट की तैयारी कर रहे छात्र का भी गला मांझे से कट गया, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया है.
हादसा रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे तिलक नगर थाना क्षेत्र के शकुंतला अस्पताल के पास हुआ. मृतक की पहचान रघुवीर धाकड़ के रूप में हुई है, जो बिचौली मर्दाना स्थित ओम साई विहार कॉलोनी का निवासी था. परिजनों ने पुलिस को बताया कि रघुवीर टाइल्स के काम की ठेकेदारी करता था. रविवार को छुट्टी होने के बावजूद वह बाइक से एक साइट देखने गया था. काम से लौटते समय अचानक सड़क पर फैले चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया. राहगीरों ने तुरंत मदद करते हुए रघुवीर के मोबाइल से उसके परिजनों को सूचना दी और उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे थे. तिलक नगर थाना प्रभारी मनीष लोधा ने बताया कि घटनाओं की जानकारी पुलिस को मिली है. मामले की जांच की जा रही है और चाइनीज मांझे की सप्लाई व इस्तेमाल को लेकर भी पड़ताल की जा रही है. इसी दौरान सपना संगीता रोड पर चाइनीज मांझे से जुड़ी एक और घटना सामने आई. यहां रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे नीट की तैयारी कर रहे नरेंद्र जामोद का गला चाइनीज मांझे से कट गया. वह अपने दोस्त अनिल चौहान के साथ बाइक से घर लौट रहा था. हादसे के बाद अनिल उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचा. बताया गया कि नरेंद्र मूल रूप से धार जिले के देहरी के पास का रहने वाला है और इंदौर में रहकर परीक्षा की तैयारी कर रहा है.
