
नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश शासन के निर्णयानुसार वर्ष 2026 को “कृषि वर्ष” के रूप में मनाये जाने के उपलक्ष्य में आज जिले में एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। विकासखंड पिपरिया के लिए विशेष “कृषि रथों” को सांसद दर्शन सिंह चौधरी, मंडल अध्यक्ष भाजपा प्रशांत रघुवंशी, राजा भैया पटेल, भाजपा नेता नीतिराज पटेल,जिला निगरानी समिति अध्यक्ष अरविंद राय, कृषि स्थाई समिति के अध्यक्ष रंजीत राजपूत , पूर्व जनपद अध्यक्ष श्रीमती अर्चना साहू, तहसीलदार पिपरिया वैभव बैरागी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्रीमती निराली आर्य एवं सुश्री रूपल राजपूत द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
अभियान की मुख्य बातें:
* व्याप्ति: यह रथ पूरे एक माह तक विकासखंड की प्रत्येक ग्राम पंचायत में पहुँचेगा।
* उद्देश्य: उन्नत कृषि तकनीकों, जैविक खेती, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और विभागीय योजनाओं की जानकारी सीधे किसानों तक पहुँचाना।
* वैज्ञानिक संवाद: रथ के साथ तकनीकी दल मौजूद रहेगा, जिसमें कृषि विशेषज्ञ और प्रगतिशील किसान शामिल हैं, जो किसानों की समस्याओं का मौके पर समाधान करेंगे।
* दैनिक भ्रमण: रूट चार्ट के अनुसार यह रथ प्रतिदिन तीन ग्राम पंचायतों को कवर करेगा।
इन योजनाओं पर रहेगा फोकस:
कृषि रथ के माध्यम से ई-टोकन उर्वरक वितरण व्यवस्था, पराली प्रबंधन, प्राकृतिक खेती और फसल विविधीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर किसानों को प्रशिक्षित किया जाएगा। कलेक्टर सुश्री सोनिया मीणा ने निर्देश दिए हैं कि कृषि एवं कृषि से संबंधित विभागों के शासकीय सेवक गांवों में समन्वय कर विभागीय योजना का प्रचार प्रसार करेंगे ताकि कोई भी किसान योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
