भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट किया है कि कृषक कल्याण वर्ष-2026 का लक्ष्य खेती को केवल पारंपरिक आजीविका नहीं, बल्कि आधुनिक तकनीक से जुड़ा लाभकारी और टिकाऊ रोजगार मॉडल बनाना है। भोपाल के जंबूरी मैदान में राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य-पालन और खाद्य प्रसंस्करण को विकास की धुरी बनाया जाएगा।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने कोकता बायपास स्थित आरटीओ कार्यालय के पास 1101 ट्रैक्टरों की विशाल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो किसानों की एकजुटता और नए कृषि संकल्प का प्रतीक बनी।
डॉ. यादव ने बताया कि जिला स्तर पर क्लस्टर आधारित विकास, प्राकृतिक खेती, डिजिटल सेवाएं और उच्च उत्पादकता को बढ़ावा दिया जाएगा। एग्री-टेक, ड्रोन सेवाएं, एफपीओ प्रबंधन, हाइड्रोपोनिक्स और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2024 नारी सशक्तिकरण, 2025 उद्योग एवं रोजगार और अब 2026 किसान कल्याण को समर्पित है, जिससे हर वर्ग का संतुलित उत्थान सुनिश्चित किया जा सके।
