
भोपाल। कृषि वर्ष 2026 के शुभारंभ कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। 11 जनवरी को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में भोपाल में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की समीक्षा हेतु संभाग आयुक्त संजीव सिंह ने आयुक्त सभाकक्ष में बैठक ली। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभाग के सभी जिला कलेक्टरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर भोपाल कौशलेन्द्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
संभाग आयुक्त ने कार्यक्रम के तहत प्रस्तावित बृहद ट्रैक्टर रैली की रूपरेखा पर विशेष चर्चा करते हुए रूट चार्ट, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और विभागीय समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संभाग मुख्यालय सहित सभी जिलों में कंट्रोल रूम स्थापित कर कार्यक्रम की सतत निगरानी और त्वरित समाधान की व्यवस्था करने को कहा। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने और कृषि विभाग सहित अन्य विभागों को सौंपे गए दायित्व तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
