ग्वालियर: योग करती महिलाओं की पेंटिंग्स से भी अश्लीलता की गई है. इसको लेकर 11वीं की छात्रा ने मुहिम छेड़ी है. आशी कुशवाहा ने कहा कि अब महिलाएं पेंटिंग में भी सुरक्षित नहीं हैं. महिलाओं के चित्र से छेड़छाड़ करने को लेकर आशी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी शेयर किया है. वहीं वीडियो वायरल होने पर नगर निगम एक्शन में दिखाई दिया. 11वीं की छात्रा आशी कुशवाहा के इंस्टाग्राम पोस्ट करने के बाद नगर निगम ने दीवारों को पुतवा दिया है.
निगम ने महिलाओं के चित्रों से गंदगी करने पर दीवार को सफेद रंग से पुतवा दिया है. छात्रा ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा था, ‘मैं रोज इस सड़क से गुजरती हूं. मुझे ये तस्वीरें देखकर गुस्सा और घिन आता है. ये घटिया और गंदी मानसिकता है. महिलाओं की पेंटिंग्स भी इस बीमार सोच से सुरक्षित नहीं है. ग्वालियर को स्मार्ट सिटी कहा जाता है, लेकिन यहां के लोगों की स्मार्टनेस कहां है.’
छात्रा ने कहा कि ये समस्या ग्वालियर ही नहीं बल्कि पूरे देश की है. सार्वजनिक जगहों का यही हाल किया है. दीवारें सही हो जाएंगी लेकिन उन लोगों की मानसिकता का क्या होगा?
‘योग करती महिलाओं के चित्र से छेड़छाड़’
ग्वालियर में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत दीवारों पर महिलाओं के योग करती काली पेंटिंग्स बनाई गई थीं. इनमें वे योगासन करती दिखाई दे रही थीं. लेकिन असमाजिक तत्वों ने महिलाओं के के चित्रों के साथ अश्लीलता की. ग्वालियर की ही रहने वाली 11वीं की छात्रा आशी कुशवाहा ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला. वीडियो वायरल होने पर ऐसी घटिया और गंदी हरकतों पर लोगों ने गुस्सा जाहिर किया है.
